News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

कोरबा : महतारी सदन के माध्यम से महिलाओं को मिलेगा रोजगार व प्रशिक्षण के अवसर : मंत्री लखन देवांगन

प्रदेशव्यापी लोकार्पण कार्यक्रम के अंतर्गत कोरबा जिले के ग्राम पंचायत कनबेरी और ग्राम पंचायत बोईदा में भी नवनिर्मित महतारी सदन का लोकार्पण किया गया। प्राथमिक शाला कनबेरी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने फीता काटकर और विधिविधानपूर्वक पूजा अर्चना कर भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने इसके लिए माताओं-बहनों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।

अपने संबोधन में मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि, महतारी सदनों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त होंगे, साथ ही समाज में सहयोग एवं सामूहिकता को नई दिशा मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हमारी सरकार अनेक जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित कर रही हैं। सुकन्या योजना, लखपति दीदी योजना, हर घर जल और हर घर शौचालय योजना जैसी योजनाओं ने सुरक्षा का मजबूत आधार दिया है।

एक पेड़, माँ के नाम अभियान के तहत मंत्री लखनलाल देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने महतारी सदन परिसर में पौधारोपण कर यह संदेश दिया कि पर्यावरण की सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। मंत्री श्री देवांगन ने कटहल का पौधा और कटघोरा विधायक प्रेम चंद पटेल ने जामुन का पौधा लगाकर इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत, जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply