अंबिकापुर : जर्जर सड़क और नगर निगम की कार्यशैली पर कांग्रेस का हल्ला बोल, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस की सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने नगर निगम की महापौर अपनी अक्षमता छिपाने के लिए नये-नये बहाने बनाती हैं। हकीकत यह है कि कमीशनखोरी के चक्कर में तीन बार टेंडर रद्द किए गए। यह सरकार वोट चोरी से बनी है, इसलिए इन्हें भरोसा है कि जनहित का काम करें या न करें, चुनाव में चोरी से जीत ही जाएंगे। लेकिन जनता सब जानती है समय आने पर जवाब देगी।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा सड़काें की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि गड्ढ़ों से भरी सड़क पर चलना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। सड़क में गड्ढों के कारण रोज हादसे हो रहे हैं। शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। भाजपा के जनप्रतिनिधि जनता की तकलीफों से बेपरवाह हैं।
जनता ने पार्षद से लेकर सांसद तक भाजपा को बहुमत दिया, लेकिन बदले में आपको मिला क्या? सिर्फ उपेक्षा। मुख्यमंत्री ने निगम की सड़कों के डामरीकरण के लिए 20 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी। जनता ने उस पर भरोसा किया और भाजपा को निगम में बड़ा जनमत दिया, परंतु आज तक एक गड्ढ़ा भी नहीं भरा गया।
कांग्रेस ने आमसभा समाप्त होने के बाद जयस्तंभ चौक से कलेक्टोरेट चौक तक रैली निकाली। कलेक्टोरेट चौक में अंबिकापुर तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शहर से गुजरी नेशनल हाइवे 43 की सड़क सहित अन्य सड़कों के सुधार सहित अन्य मांगें शामिल हैं।
प्रदर्शन में विनय शर्मा ,मो इस्लाम, राम विनय सिंह, मदन जायसवाल, हेमंत तिवारी, संजीव मंदिलवार, अशफाक अली, मेराज रंगरेज, शंकर प्रजापति, चन्द्र प्रकाश सिंह, जीबन यादव, इंद्रजीत सिंह धंजल, बाबर इदरीसी, चम्मा, जेनेविवा कुजूर, रियाजुल, नसीम खान, अमित तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं युवक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।