News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

हरियाणा विधान सभा में रिसर्च सेंटर शुरू, पुस्तकालय का हुआ नवीनीकरण

विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि यहां विधायी कामकाज पर अनुसंधान होंगे तथा यह ‘एक राष्ट्र-एक विधान’ परियोजना के तहत स्थापित संसद और विभिन्न राज्य विधान मंडलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म को सशक्त करने लिए भी प्रभावी पहल साबित होगी। रिसर्च सेंटर के माध्यम से विधायकों और विधायी कामकाज से जुड़े विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए उपयोगी सामग्री उपलब्ध रहेगी। इससे विधायी कार्यों का विश्लेषण व परम्पराओं से जुड़े दस्तावेज प्रामाणिकता के साथ मुहैया करवाए जा सकेंगे। कल्याण ने विश्वास जताया कि यह सेंटर विधायकों व कर्मचारियों को अध्ययन के लिए प्रेरित करेगा, जिससे वे प्रदेश के लिए नीति निर्माण में प्रभावी भूमिका निभाएंगे।

इसके साथ ही विधान सभा अध्यक्ष ने विधान सभा पुस्तकालय के नवीनीकरण का भी उद्घाटन किया। अब यह पुस्तकालय अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हो गया है। इस अवसर पर विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि ज्ञान ही सशक्त लोकतंत्र की नींव है। विधायी कार्य भी अब इससे अछूता नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लिए यह सौभाग्य की बात है कि 15वीं विधान सभा के विधायकों में बड़ी संख्या में अध्ययनशील प्रवृति के हैं। यह रिसर्च विंग और पुस्तकालय विधायकों को न केवल बेहतर तैयारी में मदद करेगा, बल्कि नीति निर्माण की गुणवत्ता को भी नई दिशा देगा। कार्यक्रम में विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply