News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

नैनीताल में झूम के बरस रहा मानसून, भूस्खलन की घटनाएं भी शुरू

नैनीताल में झूम के बरस रहा मानसून, भूस्खलन की घटनाएं भी शुरू

नैनीताल, 24 जून (हि.स.)। पर्वतीय पर्यटन नगरी नैनीताल में मानसून के आगमन के साथ अच्छी बारिश हो रही है। नगर में सोमवार दिन के साथ पूरी रात्रि हुई बारिश के साथ बीते 24 घंटों में 23.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। साथ ही भूस्खलन की घटनाएं भी शुरू हो गयी हैं।

पॉपुलर कंपाउंड में नाले में हुआ भूस्खलन

सोमवार की रात्रि नगर के मल्लीताल में पॉपुलर कंपाउंड के पास नाला नंबर 20 की एक शाखा में भूस्खलन हुआ है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि रात्रि लगभग 2 बजे यहां भूस्खलन होने से उनकी नींद खुल गयी और खतरे को देखते हुए वे सो नहीं पाये। उल्लेखनीय है कि इस स्थान पर पूर्व में बीडी पांडे जिला चिकित्सालय की भूमि पर अतिक्रमण कर कच्चे मकान बने थे, जिन्हें सितंबर 2023 में हटा दिया गया था। भवन होते तो आज वह नाले में समा सकते थे। सिचाई विभाग के सहायक अभियंता डीडी सती ने शीघ्र ही नाले से पत्थरों को हटाकर जल प्रवाह खोलने एवं आगे दैवीय आपदा मद से नाले की मरम्मत कराने की बात कही है।

उल्लेखनीय है कि नाला नंबर 20 पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में फर्श तोड़कर पानी घुस आया था। जिस कारण एटीएम को बंद करना पड़ा।

भवाली रोड पर गिरे पत्थर

नैनीताल। इधर आज भवाली रोड पर भी पाइंस के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने से वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ। इसके बाद जिला आपदा प्रबंधन कक्ष से लोनिवि के माध्मय से जेसीबी को मौके पर भेजकर पत्थर हटवाये गये। उधर रामनगर क्षेत्र में फतेहपुर पीपल अड़ियां ग्रामीण मार्ग के भूस्खलन के कारण बंद होने की भी सूचना है।

Leave a Reply