ग्यारह सालों में मोदी सरकार हर क्षेत्र में हुई विफल : दीपक बैज
ग्यारह सालों में मोदी सरकार हर क्षेत्र में हुई विफल : दीपक बैज
रायपुर, 11 जून (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राजीव भवन में बुधवार को पत्रकारवार्ता में मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर पूरे देश में भाजपा की पत्रकारवार्ता पर कहा कि भाजपा ने 11 साल की नाकाम उपलब्धियों का झूठ जनता को परोस रही है। मोदी जुमले की सरकार चला रहे हैं। 11 साल में मोदी सरकार हर क्षेत्र में विफल हुई। बैज ने मोदी सरकार के 11 साल पर सवाल उठाया कि क्या पेट्रोल डीजल सस्ते में मिला? क्या महंगाई कम हुई? क्या 500 में सिलिंडर मिल रहा है? क्या अच्छे दिन आ रहे हैं? दो करोड़ रोजगार दिया क्या ? उन्होंने मोदी के 11 साल के कामकाज पर मुख्यमंत्री साय को ओपन डिबेट की चुनौती दी है। बैज ने कहा कि डेट, समय और स्थान तय कर लीजिए। कांग्रेस और भाजपा सरकार के कामकाज को लेकर डिबेट के लिए चुनौती देता हूं।
दीपक बैज ने कहा कि देश का विकास दर छह प्रतिशत से कम हुआ है। मोदी सरकार देश की अर्थव्यवस्था को डुबाने में लगे हैं। 11 साल में देश की अर्थव्यवस्था चौपट कर दी है। मोदी सरकार ट्रिलियन इकॉनमी की बात करते हैं, यहां प्रति व्यक्ति आय में भारत कही नहीं है। हंगर जेंडेक्स में भारत 105वें स्थान पर है। देश का 40 प्रतिशत हिस्सा चंद लोगों के मुट्ठी में है। क़ानून व्यवस्था ग्यारह साल में पूरी बर्बाद हुई। पहलगाम के हमले से पहले इंटेलिजेंस से इनपुट था, इसके बाद भी केंद्र सरकार वहां सुरक्षा व्यवस्था देने में नाकाम रही। देश पूछता रहा कि इसका जिम्मेदार कौन है। विपक्ष सरकार के साथ था, सेना पर हमको गर्व था, लेकिन व्यापार के लिए ट्रंप की ओर से सीजफायर घोषित किया गया।
बैज ने कहा कि विदेश नीति समाप्त हो गई। हम दुनिया में अलग थलग पड़ते जा रहे हैं। विश्वगुरु के राज में भारतीय नागरिकों को अमेरिका से भारत भेजा गया। चुनाव के वादे पूरे करने में मोदी सरकार विफल रही। बैज ने मोदी सरकार के 11 साल पर सवाल उठाया कि क्या पेट्रोल डीजल सस्ते में मिला? क्या महंगाई कम हुई? क्या 500 में सिलिंडर मिल रहा है? क्या अच्छे दिन आ रहे हैं? 2 करोड़ रोजगार दिया क्या ?
‘इस बार जुमला सरकार’ बुकलेट का किया विमोचन
इस मौके पर मोदी सरकार के 11 साल के कार्यों का तैयार बुकलेट का विमोचन किया गया, जिसका नाम “इस बार जुमला सरकार” रखा गया है।
पत्रकारवार्ता में पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ला, पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा समेत अन्य कई नेता उपस्थित रहे।