News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

हरिद्वार के शांतिकुंज से उप्र के 32 जनपदों के लिए ज्योति कलश रथ रवाना

हरिद्वार के शांतिकुंज से उप्र के 32 जनपदों के लिए ज्योति कलश रथ रवाना

-जन जागरण के लिए उप्र की धरती पर पहुंचेगा अखंड दीप का संदेश

हरिद्वार, 06 जून (हि.स.)। माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से निकाली जा रही ज्योति कलश रथ यात्रा निकाली जा रही है। इसी श्रृंखला में आज शांतिकुंज से उत्तर प्रदेश के 32 जनपदों के लिए दो रथों को रवाना किया गया। यह यात्रा देशभर में आध्यात्मिक चेतना, संस्कृति संवर्धन एवं युग निर्माण का संदेश लेकर घर-घर पहुंचेगी।

इन रथों को देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या और शांतिकुंज के व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. प्रणव पण्ड्या और शैलदीदी के मार्गदर्शन में हुआ।

इस अवसर पर डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि यह रथयात्रा श्रद्धालुओं में आत्मिक जागृति, सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को सुदृढ़ करेगी। वंदनीया माताजी के जीवनदर्शन और अखंड दीपक की प्रेरणा को जन-जन तक पहुंचाना इस अभियान का उद्देश्य है।

इन रथों में से एक आंवलखेड़ा (आगरा) जोन के 16 जिलों में भ्रमण करेगा, जबकि दूसरा मुरादाबाद-बिजनौर जोन के 16 जनपदों में व्यापक जनजागरण करेगा। ये रथ गांव-गांव, नगर-नगर जाकर माताजी के जीवन-संदेश, सिद्ध अखंड दीप की आभा व पवित्रता, सद्भावना व दिव्यता की प्रेरणा लेकर जनमानस से सीधे संवाद करेंगे।

इससे पूर्व भारत के गुजरात, मध्य प्रदेश, ओड़िशा, छत्तीसगढ़, दक्षिण भारत, बिहार, झारखंड राज्यों आदि सहित कनाडा सहित अनेक देशों में यह अभियान अत्यंत प्रभावशाली ढंग से चलाया जा रहा है। ज्योति कलश रथ यात्रा माताजी की जन्मशताब्दी और अखंड दीपक की स्थापना की शताब्दी वर्ष को लक्ष्य बनाकर देश विदेश में नवचेतना का संचार कर रही है।

———————-

Leave a Reply