बिना अनुमति के चल रहा डामर प्लांट- शंकर सोढ़ी
बिना अनुमति के चल रहा डामर प्लांट- शंकर सोढ़ी
कोंडागांव, 3 जून (हि.स.)। जिला मुख्यालय नया बस स्टैंड के पीछे वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से संचालित हो रहे डामर प्लांट को लेकर कांग्रेस के पूर्व मंत्री शंकर सोढ़ी ने आज मंगलवार काे वन मंत्री केदार कश्यप और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में प्रशासन पूरी तरह निरंकुश हो गया है, और नियमों को ताक पर रखकर रसूखदारों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। श्री सोढ़ी ने कहा कि आम आदमी यदि जंगल से एक लकड़ी भी काट ले तो वन विभाग तुरंत कार्रवाई कर उसे जेल भेज देता है, लेकिन यहां पूरे जंगल क्षेत्र में डामर प्लांट संचालित किया जा रहा है, और प्रशासन मौन है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वन्य क्षेत्र में रसूखदारों को विशेष छूट दी गई है?
पूर्व मंत्री शंकर सोढ़ी ने बताया कि पहले वन विभाग ने ठेकेदार को 10 दिन में प्लांट हटाने का नोटिस दिया था, लेकिन अब बेखौफ तरीके से प्लांट का संचालन शुरू हो गया है । उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह सब प्रशासन की मौन स्वीकृति से हो रहा है, क्योंकि अभी तक पर्यावरण विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई है। उन्होंने कहा कि हम विकास विरोधी नहीं हैं, लेकिन जंगल उजाड़कर और नियमों की अनदेखी कर किया गया विकास स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मांग की कि वन मंत्री तत्काल संज्ञान लें और कड़ी कार्रवाई करें।