सिरमौर : कृषि संवाद कार्यक्रम में किसानो को किया जा रहा जागरूक
सिरमौर : कृषि संवाद कार्यक्रम में किसानो को किया जा रहा जागरूक
नाहन, 31 मई (हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्रालय और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् द्वारा 29 मई से 12 जून तक देशभर में चलाए जा रहे “विकसित कृषि संकल्प अभियान” के तहत कृषि विज्ञान केंद्र, सिरमौर (धौलाकुआं), कृषि विभाग और आत्मा परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में जिले के विभिन्न विकास खंडों—पांवटा साहिब, नाहन, संगड़ाह, शिलाई और पच्छाद के ग्रामीण इलाकों में कृषि संवाद और जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।
इन शिविरों में किसानों को खरीफ सीजन में अपनाई जाने वाली उन्नत कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, ड्रोन टेक्नोलॉजी, नैनो यूरिया, शून्य लागत खेती, अजोला चारा, केंचुआ खाद और अन्य नवीन कृषि उपायों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सरकारी योजनाओं के लाभ और उनका आवेदन करने की प्रक्रिया पर भी विस्तार से मार्गदर्शन किया गया।
कृषि विज्ञान केंद्र के विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज मित्तल ने बताया कि वैज्ञानिक, कृषि अधिकारी और आत्मा परियोजना के प्रतिनिधि मिलकर किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर रहे हैं और उन्हें आधुनिक व टिकाऊ कृषि की ओर प्रेरित कर रहे हैं। यह पहल “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
गांव-गांव में पंचायतों के सहयोग से चलाए जा रहे इन कार्यक्रमों में किसानों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है, जिससे ग्रामीण कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाने की दिशा में सकारात्मक परिवर्तन की उम्मीद जताई जा रही है।
—————