News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

जंगल में चारा पत्ती लेने गए युवक की बाघ के हमले में मौत, एक अन्य घायल

जंगल में चारा पत्ती लेने गए युवक की बाघ के हमले में मौत, एक अन्य घायल

हरिद्वार, 30 मई (हि.स.)। ऋषिकेश रेंज के ग्वेला बीट क्षेत्र के जंगल में शुक्रवार को चारा-पत्ती लेने गए दो युवकों पर जंगली जानवर के हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक जांच में हमले को बाघ द्वारा किया गया माना जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जानकारी के मुताबिक, राजू पुत्र मदन निवासी ब्रह्मपुरी हरिद्वार शुक्रवार की सुबह अपने एक अन्य साथी के साथ जंगल में चारा पत्ती लेने के लिए गए थे। इसी दौरान एक जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में राजू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।दुर्भाग्यपूर्ण रूप से राजू की मां का भी चार दिन पहले निधन हो गया था, जिससे परिवार पहले से ही शोक में था।

बीते एक मई को जिम कॉर्बेट से पांच वर्षीय नर बाघ को राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज में छोड़ा गया था। कुछ दिन राजाजी टाइगर रिजर्व में रहने के बाद यह बाघ बड़कोट और ऋषिकेश रेंज होते हुए नरेंद्र नगर के जंगल में जा पहुंचा। तीन से चार दिनों तक बाघ की लोकेशन शिवपुरी रेंज में दिखाई दी। अब हाल में बाघ की लोकेशन ऋषिकेश रेंज के जंगल में बताई जा रही थी।

—————

Leave a Reply