दिल्ली में सभी जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी भंग
दिल्ली में सभी जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी भंग
-दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने किया राजीव गांधी जनसेवा केंद्र का उद्घाटन
नई दिल्ली, 15 मई (हि.स.)। संगठन सृजन अभियान के तहत पार्टी को बूथ स्तर मजबूती देने के लिए गुरुवार को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में सभी 14 जिलों में कार्यकारिणी की मासिक बैठक हुईं। बैठक में सभी जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी भंग कर दी गई और जल्द नई कार्यकारिणी के गठन करने का निर्देश भी दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आदर्श नगर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में पहुंचकर वहां प्रदेश कांग्रेस की ओर से राजीव गांधी जनसेवा केंद्र का उद्घाटन किया और आदर्श नगर जिला कांग्रेस की www.adarshnagardcc.in वेबसाइट भी लांच की। जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ राव की अध्यक्षता में कांग्रेस परिवार आपके द्वार के तहत राजीव गांधी जनसेवा केंद्र के अंतर्गत सभी दिल्ली सरकार, पुलिस संबधी, डीडीए की योजनाओं और सेवाओं का लाभ हर गरीब, वंचित और जरुरतमंद तक पहुंचाने में दिल्ली की जनता की हर संभव मदद की जाएगी। इनमें प्रमाण पत्र व दस्तावेज बनाने की सेवा हो, युवाओं के शिक्षा संबधी सेवा हो, सामाजिक सुरक्षा, कल्याण व नागरिक सेवा, छात्रवृति जैसी दिल्ली सरकार की सभी योजनाओं का लाभ शामिल है। देवेंद्र यादव ने कहा कि आदर्श नगर जिला कांग्रेस की तरह राजीव गांधी जनसेवा केंद्र जल्द सभी जिलों में भी खोले जाएंगे।
देवेंद्र यादव ने स्पष्ट कहा कि संगठन में सक्रिय रुप से काम करने वाले कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का हर स्तर पर मौका दिया जाएगा। कोई भी कार्यकर्ता अपने को छोटा न समझे क्योंकि कांग्रेस पार्टी में सबको समान अवसर और बराबरी का अधिकार है। 12 वार्डों पर निगम के उप चुनाव होने हैं, हमें निगम में अपनी गिनती पर ध्यान न देकर क्षेत्र में कांग्रेस संगठन के साथ अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास करना है।
देवेंद्र यादव ने सभी जिला व ब्लाक अध्यक्षों को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द मंडल और सेक्टरों के क्षेत्रों का निर्धारण और नामकरण करके गठन करें। औसतन एक ब्लाक में 40-50 पोलिंग बूथ है। 20-25 बूथों पर एक मंडल और 5-7 बूथां पर एक सेक्टर का गठन करना होगा। एक ब्लाक में दो मंडल और 4-5 सेक्टरों का गठन करें। यादव ने कहा कि मंडल/सेक्टर का नाम क्षेत्र की मुख्य कॉलोनी, मुख्य सड़क या गांव के नाम पर रख सकते हैं। ब्लाक, मंडल और सेक्टरों के नाम अलग अलग होने चाहिए। मंडल/सेक्टर के क्षेत्र का विभाजन करते हुए यह भी ध्यान रखें कि विभाजित करने वाली सड़कों, कॉलोनियां व ब्लाक को समाजित न किया जाए।
देवेंद्र यादव ने कहा कि मंडल/सेक्टरों का विभाजन के लिए जिला पदाधिकारियों की बैठक बुलाई जाए। इसमें जिला अध्यक्ष, जिला पर्यवेक्षक, ब्लाक अध्यक्ष, पूर्व विधायक, एआईसीसी डेलीगेट, प्रदेश डेलीगेट, निगम पार्षद, पूर्व निगम पार्षद, विधानसभा व निगम प्रत्याशी सहित बीएलए-1 की मौजूदगी अनिवार्य होनी चाहिए। उन्होंने जिला व ब्लाक अध्यक्षों को निर्देश दिए कि जल्द मंडल/सेक्टरों का नामकरण करके इनके अध्यक्ष पद नियुक्ति के लिए 2-3 उम्मीदवारों की सूची तैयार करे ताकि क्षेत्र के लोगों की राय लेकर मंडल/सेक्टर अध्यक्षों की नियुक्ति सुनिश्चित की जा सके।
—————