प्रोत्साहन राशि की घोषणा का परिणाम, 77.74 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जित : खाद्य मंत्री राजपूत
प्रोत्साहन राशि की घोषणा का परिणाम, 77.74 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जित : खाद्य मंत्री राजपूत
– गत वर्ष हुआ था 48.38 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन
भोपाल, 11 मई (हि.स.)। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किसानों के हित में न्यूनतम समर्थन मूल्य के अतिरिक्त 175 रुपये प्रति क्विंटल बोनस की घोषणा के परिणामस्वरूप इस वर्ष लगभग 9 लाख किसानों से 77 लाख 74 हजार मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन हुआ है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष 48 लाख 38 हजार मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन हुआ था।
जनसंपर्क अधिकारी राजेश पाण्डेय ने रविवार को बताया कि मंत्री राजपूत ने किसानों के हित में मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा दिये गये बोनस पर उनका आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि गेहूं के उपार्जन में मध्य प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है। मंत्री राजपूत ने कहा है कि किसानों से उपार्जित गेहूं में से 73 लाख 51 हजार मीट्रिक टन से अधिक गेहूं का सुरक्षित भण्डारण भी किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि किसानों को उपार्जित गेहूं का भुगतान भी लगातार किया जा रहा है। अभी तक लगभग 17 हजार 870 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किसानों को किया जा चुका है। गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रुपये है और राज्य सरकार द्वारा 175 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया गया है। इस तरह से गेहूं की खरीदी 2600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की गयी।