News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

जनपद में सतर्कता को लेकर एसएसपी ने की अहम बैठक

जनपद में सतर्कता को लेकर एसएसपी ने की अहम बैठक

-बॉर्डर एरिया में चलाया गया सघन तलाशी अभियान

हरिद्वार, 10 मई (हि.स.)। भारत और पाकिस्तान के बीच जंग जैसे हालातों के मद्देनज़र हरिद्वार जिले में आंतरिक सुरक्षा, शांति और सद्भाव को बनाए रखने के लिए एसएसपी अजय सिंह डोबाल ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। यह बैठक रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में आयोजित हुई, जिसमें जिले की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

कप्तान डोबाल ने पुलिसकर्मियों को मौजूदा परिदृश्य को देखते हुए खुद को हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्हाेंने कहा कि असलहा के साथ बॉर्डर एरिया में सघन चेकिंग की जाए, इस दौरान हर संदिग्ध पर खास नजर रखने के साथ ही बिना देरी के तुरंत कार्रवाई की जाए। एसएसपी ने सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारियों को जिले की सीमाओं पर आर्म्स-एम्यूनेशन के साथ सघन चेकिंग अभियान तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में कप्तान ने किसी भी बाहरी को जनपद सीमा के भीतर प्रवेश न देने, संवेदनशील, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित चेकिंग कराने एवं ऐसी जगहों पर रह रहे बाहरी लोगों के सत्यापन करने तथा उनकी हिस्ट्री वेरिफाई करने के स्पष्ट तौर पर निर्देश जारी किए।

सोशल मीडिया पर किसी भी गलत पोस्ट पर संबंधित थाने तत्काल कदम उठाकर वैधानिक कार्यवाही करें। उन्हाेंने सभी क्षेत्राधिकारी को निर्देश दिए कि वह धार्मिक मतभेद के प्रचलित मामलों को खुद देखें और दोनों पक्षों से वार्ता कर उन्हे सुलझाने का प्रयास करें। समाधान नहीं निकलता है तो कड़ी कार्रवाई की जाए।

सभी थाना क्षेत्रो में जहां-जहां भारतीय सेना अथवा पुलिस की वर्दी बेचने वाले व्यापारी टेलर मौजूद हैं। उनका सत्यापन किया जाए तथा उन्हें वर्दी बेचने वाले व्यक्ति का पूर्ण ब्यौरा जुटाकर स्थानीय थाने को दिया जाए।

कंट्रोल रुम में तैनात पुलिस कर्मी हर संदिग्ध गतिविधि का पता लगाएं। अभिसूचना शाखा एवं मॉनिटरिंग सेल सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखें।

—————

Leave a Reply