पारिवारिक विवाद में युवक ने कुएं में कूदकर दी जान, शादी समारोह में मातम
पारिवारिक विवाद में युवक ने कुएं में कूदकर दी जान, शादी समारोह में मातम
मीरजापुर, 8 मई (हि.स.)। शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने दो बार कूप में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। यह हृदयविदारक घटना चुनार थाना क्षेत्र के सक्तेशगढ़ चौकी अंतर्गत रामपुर सक्तेशगढ़ गांव की है, जहां बने एक सरकारी कूप ने बुधवार की देर शाम एक युवक की जीवन लीला समेट ली।
धुरकर गांव निवासी 26 वर्षीय मन्नू गोंड़ अपनी पत्नी के जीजा छोटेलाल के यहां एक विवाह समारोह में शामिल होने आया था। बताया जा रहा है कि पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद नशे की हालत में मन्नू पास स्थित कूप की ओर गया और उसमें कूद गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बाहर निकाल लिया। परंतु कुछ ही समय बाद मन्नू ने फिर वही रास्ता चुना और इस बार कुएं की गहराई से उसकी वापसी नहीं हो सकी।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विनोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।