News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

साइक्लोनिक सिस्टम के असर से 11 मई तक आंधी-बारिश का अलर्ट

साइक्लोनिक सिस्टम के असर से 11 मई तक आंधी-बारिश का अलर्ट

जयपुर, 6 मई (हि.स.)। राजस्थान में इन दिनों गर्मी से राहत दिलाने वाला मौसम बना हुआ है। राज्य में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम में बदल गया है, जिससे पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में 11 मई तक तेज अंधड़ और कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट दिया है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मई के पहले पखवाड़े में राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी के तेवर नरम रहेंगे। हालांकि, प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों जैसे जैसलमेर, बाड़मेर और बीकानेर में दिन का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई शहरों में तापमान में रिकॉर्ड गिरावट आ गई। सोमवार को अधिकतम तापमान अधिकांश शहरों में 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। वहीं रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से नाै डिग्री तक कम रिकॉर्ड हुआ, जिससे लोगों को हीटवेव से राहत मिली।

मंगलवार को जयपुर में बादलों की आवाजाही बनी रही। शहर का न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से काफी कम था। प्रदेश के अन्य शहरों में भी पारा नीचे रहा। अजमेर में 20.2, अलवर में 20.4, भीलवाड़ा में 19.5, उदयपुर में 19.5 और माउंट आबू का न्यूनतम तापमान महज 13.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने 20 जिलों में अंधड़ और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।

जिन जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें जालोर, सिरोही, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, बूंदी, बारां, कोटा और झालावाड़।

जयपुर, दौसा, सवाईमाधोपुर, अजमेर, जोधपुर, नागौर और बीकानेर जिलों में धूलभरी आंधी और मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

कुछ स्थानों पर अचानक तेज अंधड़ और बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

—————

Leave a Reply