दिल्ली के सभी 70 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों को मिलेगा मुफ्त इलाज : वीरेंद्र सचदेवा
दिल्ली के सभी 70 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों को मिलेगा मुफ्त इलाज : वीरेंद्र सचदेवा
नई दिल्ली, 3 मई (हि.स.)। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली के सभी 70 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों को मुफ्त इलाज मिलेगा। उन्होंने शनिवार को आयुष्मान वय वंदना योजना कार्ड के लिए पंजीकरण शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिमंडल को बधाई दी।
वीरेंद्र सचदेवा ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर में 70 साल से अधिक के बुजुर्गों के लिए मुफ्त इलाज का ऐलान किया था उसका पंजीकरण दिल्ली में आज से शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सभी 70 विधानसभाओं में आयुष्मान वय वंदना योजना कार्ड बनाया जाएगा। 70 मोबाइल वैन 70 विधानसभा में जाएंगी और बुजुर्गों को उनके घर पर पंजीकरण कर कार्ड दिए जाएंगे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता भी सरकार के इस अभियान में सहयोग देंगे और साथ ही दिल्ली के सभी भाजपा विधायक अपने क्षेत्र में कैंप लगाकर इस अभियान में सहयोग करेंगे।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में 48 भाजपा विधायक हैं लेकिन हम सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की ओर से कैंप लगाकर इस अभियान को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पिछले 11 वर्षों से आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली के बुजुर्गों के साथ धोखा किया है। पूरा देश जब आयुष्मान योजना का लाभ ले रहा था उस वक्त अरविंद केजरीवाल ने अपनी राजनीतिक स्वार्थ की वजह से दिल्ली वालों को केंद्र सरकार की कई योजनाओं से वंचित रखा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार अब केंद्र सरकार की हर योजना का लाभ दिल्लीवालों को मिले इस पर काम कर रही है।
—————