News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

हफीजुल हसन के बयान के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, बाबूलाल मरांडी बोले- खून-खराबे की भाषा बोल रहे मंत्री

हफीजुल हसन के बयान के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, बाबूलाल मरांडी बोले- खून-खराबे की भाषा बोल रहे मंत्री

गिरिडीह , 19 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश सरकार के मंत्री हफीजुल हसन के शरीया और संविधान पर दिये बयान से झारखंड में बवाल मचा है। नेता प्रतिपक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस बयान पर जोरदार हमला बोला है। शनिवार को बाबूलाल के नेतृत्व में गिरिडीह में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर हफीजुल हसन के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मंत्री हफीजुल हसन को बर्खास्त करने की मांग भी की।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि संविधान से ऊपर शरिया को मानने वाले मंत्री के दिल की बात जुबान पर आ गई। मंत्री यहीं पर नहीं रुके। उन्होंने तो खून खराबे की बात भी कर डाली है। मंत्री का ही बयान है जो मीडिया में जोर शोर से वायरल हो रहा जिसमें उन्होंने कहा है कि मुसलमान कब्र में नहीं है, सब्र में है। सड़क पर उतर गया तो खून खराबा होगा। मरांडी ने कहा कि ये उनकी भाषा है जिनकी पार्टी और गठबंधन के नेता संविधान बचाने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री के संविधान विरोधी बयान के बाद कांग्रेस और झामुमो की चुप्पी यह बता रही कि इसमें उनकी सहमति है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति में यह गठबंधन अंधा हो चुका है। आज राज्य सरकार की तुष्टीकरण नीति का ही परिणाम है कि पर्व त्यौहार रामनवमी, शिवरात्रि, दशहरा, सरस्वती पूजा, सरहुल में पत्थरबाजी, दंगा, फसाद जैसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि संविधान बचाने की बात करने वाली कांग्रेस-झामुमो ने बार-बार संविधान की मर्यादाओं को तार-तार किया है। ऐसे तुष्टीकरण की राजनीति करने वालों को बड़ा सबक सिखाने की जरूरत है ताकि भविष्य में ये ऐसी भाषा नहीं बोल सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे मंत्री को अविलंब बर्खास्त किया जाना चाहिए।

—————

Leave a Reply