देश में एक चुनाव से विकास कार्यों को मिलेगी अतिरिक्त गति : सेठ
देश में एक चुनाव से विकास कार्यों को मिलेगी अतिरिक्त गति : सेठ
रांची, 17 अप्रैल (हि.स.)।
फोरम फॉर अवेयरनेस ऑफ नेशनल सिक्योरिटी, झारखंड इकाई एवं रोटरी क्लब ऑफ रांची की ओर से गुरुवार को रोटरी क्लब सभागार में एक देश एक चुनाव विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम में उन्हों ने कहा कि एक देश एक चुनाव होने से विकास को अतिरिक्त गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल आर्थिक संसाधनों की बचत होगी बल्कि प्रशासनिक कार्यों में भी समय की बचत से प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से चल सकेगी। वर्ष 2024 के चुनाव में लगभग एक लाख करोड़ रूपया खर्च हुआ। इसके साथ ही कई योजनाओं और विकास की गति भी धीमी पड़ गई।
1012 दिन लागू रही आचार संहिता
उन्होंने बताया कि चुनाव के चलते देश में पांच वर्षों में 1012 दिन आचार संहिता लागू रहती है। इससे विकास कार्यों की गति काफी प्रभावित होती है। यह विषय गहन चिंतन का है और इस विषय पर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को गंभीर चर्चा करना चाहिए।
भारत के लिए है मुख्य मुद्दा
यह भारतीय लोकतंत्र और भारत के लिए मुख्य मुद्दा है। ऐसे कई विचार मन में आ रहे हैं उसे आपस में चर्चा कर जो समाधान निकलता है उसे अपनाना चाहिए। भारत में पहला विषय है जिसे जनमानस के बीच में हम ले जा रहे हैं। यह देश के लिए कितना हितकारी है या आने वाला समय बताएगा। यह किसी पार्टी का विषय नहीं, देश के लोकतंत्र का विषय है हम इसकी चर्चा छोटे छोटे समूह में सब जगह एकत्र होकर करें और आप ही तय करें कि यह कितना हमारे लिए सार्थक सिद्ध होगा।
एक चुनाव पर न हो राजनीति
विशिष्ट अतिथि के रूप में वरीय पत्रकार अनुज कुमार सिन्हा ने कहा इस विषय पर राजनीति न हो। इस मुद्दे पर चर्चा हो और सभी मंथन करें कि एक बार चुनाव हो तो कितना अच्छा रहेगा। चुनाव आचार संहिता की वजह से कई दैनिक कार्य बाधित होते हैं । विकास रुक जाता है आम आदमी को परेशानी होती है। बचे हुए समय का उपयोग अन्य कार्यों में करें तो राष्ट्र का विकास संभव है। कार्यक्रम में पूर्व राज्य सभा सांसद अजय मारू ने कहा कि देश से संबंधित मुद्दों पर हम सभी को एक होना चाहिए। 140 करोड़ जनता को सहूलियत मिले । उन्होंने कहा कि 100 दिन में हमारा चुनाव संपन्न होगा। हमारे पास 900 दिन विकास के और अतिरिक्त बचेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता फैन्स के अध्यक्ष पवन बजाज ने की। कार्यक्रम का संचालन रोटरी क्लब की सचिव डॉ ख्याति मुंजाल ने किया।
वहीं धन्यबाद चेम्बर के मानद सचिव आदित्य मल्होत्रा ने किया। मौके पर रोटरी क्लब ऑफ रांची के अध्यक्ष गौरव बागराय, सचिव डॉक्टर ख्याति मुंजाल, फैन्स के महासचिव रथीन भद्रा फैन्स के समन्वयक प्रमोद सारस्वत, दीपक श्रीवास्तव, राजेश जायसवाल, डीपी सिंह, भंडारी लाल सहित अन्य मौजूद थे।
—————