सांसद बराला ने मेमू ट्रेन का टोहाना व जमालपुर शेखां स्टेशन पर ठहराव के लिए लिखा पत्र
सांसद बराला ने मेमू ट्रेन का टोहाना व जमालपुर शेखां स्टेशन पर ठहराव के लिए लिखा पत्र
फतेहाबाद, 16 अप्रैल (हि.स.)। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने टोहाना क्षेत्र के नागरिकों की सुविधा के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रेल मंत्रालय को पत्र लिखा है। उन्होंने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर अंदोरा अंबाला मेमू ट्रेन का ठहराव टोहाना स्टेशन और जमालपुर शेखां स्टेशन पर दैनिक यात्रियों की सुविधा के लिए अनुरोध किया है। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बुधवार को अपने फार्म हाउस पर नागरिकों की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बताया कि हरियाणा प्रदेश के दैनिक यात्रियों की सुविधा के लिए हिसार से चंडीगढ़ के लिए सीधी रेलसेवा की मांग पर उत्तर रेलवे द्वारा अंदोरा अंबाला मेमू रेलसेवा का विस्तार का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को मंजूरी के लिए भेजा गया है। इस ट्रेन के माध्यम से हरियाणा का बहुत बड़ा हिस्सा प्रदेश की राजधानी चंडीगढ़ और धार्मिक नगरी कुरुक्षेत्र से जुड़ जायेगा। उत्तर रेलवे के अनुसार इस ट्रेन का विस्तार अंबाला से वाया कुरुक्षेत्र कैथल नरवाना और टोहाना स्टेशन से होकर जाना प्रस्तावित है परन्तु इस ट्रेन का ठहराव टोहाना स्टेशन और जमालपुर शेखां स्टेशन पर नहीं दिखाया गया है। यदि अंदोरा अंबाला मेमू ट्रैन, टोहाना व जमालपुर शेखां स्टेशनों पर इसका ठहराव होता है तो इससे क्षेत्र के दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। टोहाना स्टेशन पर ठहराव से क्षेत्र के दैनिक यात्रिओं को सुविधा मिलेगी और छात्रों को पढाई के लिए कुरुक्षेत्र, अंबाला और चंडीगढ़ आना जाना सुविधाजनक हो जाएगा। उन्होंने आशा जताई कि रेलमंत्री इस जनहित के मुद्दे पर सकारात्मक संज्ञान लेकर जल्द से जल्द आवश्यक कार्यवाही करेंगे।