दिल्ली के पर्यावरण मंत्री का प्रदूषण को लेकर जारी निर्देश भाजपा के पर्यावरण पर संकल्प का प्रतीक : वीरेंद्र सचदेवा
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री का प्रदूषण को लेकर जारी निर्देश भाजपा के पर्यावरण पर संकल्प का प्रतीक : वीरेंद्र सचदेवा
नई दिल्ली, 1 मार्च (हि.स.)। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आज कहा कि दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का शनिवार को प्रदूषण को काबू करने को लेकर जारी निर्देश पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण समाधान पर भाजपा के संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भाजपा दस साल से अरविंद केजरीवाल सरकार को यह समझाने का प्रयास करती रही कि प्रदूषण रोधक उपाय एवं उनके साथ पर्यावरण संरक्षण करना निरंतर वर्ष भर करने का काम है। इसके बाद भी केजरीवाल सरकार के कान पर कभी जूं नहीं रेंगी।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल सरकार प्रदूषण पर पौधरोपण पर तब बात करती थी, जब वह समस्या बिल्कुल सिर पर आ जाती थी। केजरीवाल सरकार गर्मी के वायु प्रदूषण पर अप्रैल अंत में, पौधरोपण पर जून अंत में और सर्दी के पराली प्रदूषण पर अक्टूबर अंत में बैठक बुलाती थी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक मार्च को उच्च स्तरीय बैठक रखकर यह बताया कि भाजपा सरकार विधानसभा चुनाव संकल्प पत्र के हर वादे को समय पर पूरा करने को कृतसंकल्प हैं।
—————