News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

किशनगढ़ मंडी में केंद्रीय मंत्री का निरीक्षण

अजमेर, 08 अप्रैल । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने बुधवार को किशनगढ़ कृषि मंडी का दौरा कर किसानों और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर महत्वपूर्ण पहल की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसान और व्यापारी आपस में प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि कृषि अर्थव्यवस्था के दो ऐसे मजबूत स्तंभ हैं, जो एक-दूसरे के पूरक हैं।

मंत्री चौधरी ने मंडी परिसर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय, विश्वास और सहयोग से ही कृषि क्षेत्र में स्थायी समृद्धि लाई जा सकती है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। मंडी परिसर की जर्जर सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए करीब 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर स्वीकृति जारी करने पर सहमति जताई है, जिससे विकास कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही किसानों की उपज को बारिश और प्रतिकूल मौसम से सुरक्षित रखने के लिए मंडी परिसर को डोम से कवर करने की योजना पर भी काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने अधिकारियों को प्रस्ताव जल्द तैयार कर आगामी बरसात से पहले इस कार्य को पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मंडी में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए उन्होंने किसानों और व्यापारियों के लिए आधुनिक धर्मकांटा (वजन सुविधा) स्थापित करने के निर्देश भी दिए। इससे लेन-देन की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम हो सकेगी। केंद्र और राज्य सरकारें किसानों की आय बढ़ाने और कृषि विपणन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किशनगढ़ मंडी के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के किसानों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Reply