कॉलेज छात्रा की हत्या पर एसएफआई ने जताया शोक, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
मंडी, 13 अप्रैल । मंडी जिला के सरकाघाट कॉलेज की बीबीए प्रथम वर्ष की छात्रा सिया गुलेरिया की निर्मम हत्या के मामले में छात्र संगठन एसएफआई (स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) की हिमाचल प्रदेश राज्य कमेटी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए घटना की कड़ी निंदा की है और सरकार से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी तथा सख्त सजा की मांग की है।
एसएफआई राज्य कमेटी ने जारी बयान में कहा कि सिया गुलेरिया सरकाघाट क्षेत्र के नैण गांव की रहने वाली थीं और वह परीक्षा देने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी बेरहमी से हत्या हो गई। संगठन ने इस घटना को बेहद दर्दनाक बताते हुए कहा कि यह प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
एसएफआई ने सरकार से मांग की है कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
संगठन ने यह भी कहा कि सामने आई जानकारी के अनुसार हमलावर के नशे की हालत में होने की बात कही जा रही है, जो प्रदेश में बढ़ती नशे की समस्या की गंभीरता को दर्शाती है। एसएफआई के अनुसार हिमाचल प्रदेश में नशे का फैलता जाल केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक चिंता का विषय भी बनता जा रहा है।
एसएफआई ने आरोप लगाया कि बेरोजगारी, युवाओं में बढ़ती निराशा और नशा माफिया के खिलाफ ढीले रवैये के कारण स्थिति और गंभीर होती जा रही है। संगठन ने कहा कि लंबे समय से वह प्रदेश में नशा माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की मांग करता रहा है।