News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

स्वर्ण जयंती समारोह में प्रेमनाथ होंगे सम्मानित

गोरखपुर, 10 अप्रैल । रंगमंच और साहित्य की साधना से गोरखपुर की सांस्कृतिक चेतना को समृद्ध करने वाले वरिष्ठ रंगकर्मी प्रेमनाथ (प्रेम पराया ) को आज एक प्रतिष्ठित सम्मान मिलने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग के अंतर्गत संचालित भारतेन्दु नाट्य अकादमी, लखनऊ अपनी स्थापना के पचास वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में उन्हें सम्मानित करेगी।

अकादमी की ओर से जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार समारोह आज 10 अप्रैल 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे राज बिसारिया प्रेक्षागृह, भारतेन्दु नाट्य अकादमी परिसर, लखनऊ में आयोजित होगा। इस अवसर पर नाट्य एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का अभिनंदन किया जाएगा, जिसमें गोरखपुर के वरिष्ठ रंगकर्मी प्रेमनाथ का नाम विशेष रूप से शामिल है।

प्रेमनाथ को यह सम्मान रंगकला, साहित्यिक अभिरुचि और सांस्कृतिक सरोकारों के क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है। गोरखपुर के सांस्कृतिक परिदृश्य में उनकी सक्रिय उपस्थिति और रंगमंच के प्रति समर्पित भूमिका ने उन्हें एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। ऐसे में प्रदेश की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था द्वारा उनका सम्मानित किया जाना पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

भारतेन्दु नाट्य अकादमी की स्वर्ण जयंती केवल एक संस्थान का यह उत्सव रंगपरंपरा, सृजनशीलता और सांस्कृतिक मूल्यों के सम्मान का महत्त्वपूर्ण अवसर है। इस समारोह में प्रेमनाथ का सम्मान गोरखपुर की सांस्कृतिक विरासत को नई प्रतिष्ठा प्रदान करेगा।

सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोगों ने इसे पूर्वांचल के लिए उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सम्मान उस साधना का अभिनंदन है, जो वर्षों से रंगमंच के माध्यम से समाज को संवेदना, विचार और संस्कार से जोड़ती रही है। प्रेमनाथ का सम्मान गोरखपुर की कला-परंपरा के लिए एक नई पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply