पंजाब के लुधियाना में पुलिस कर्मियाें काे मिलेगा साप्ताहिक अवकाश
चंडीगढ़, 03 अप्रैल । खन्ना पुलिस जिले में तैनात पुलिस कर्मियों के लिए हफ्ते में एक दिन की छुट्टी (वीकली ऑफ) की नीति लागू कर दी है। यह फैसला एसएसपी दर्पण अहलूवालिया द्वारा लिया गया है, जिसका उद्देश्य पुलिस बल की मानसिक और शारीरिक सेहत को बेहतर बनाना है।
एसएसपी द्वारा पुलिस एक्ट 1861 की धारा 22 के तहत विस्तृत आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही जिले के सभी 8 थानों के एसएचओ के लिए साप्ताहिक रोस्टर भी तैयार किया गया है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीन कार्यरत कर्मचारियों के लिए भी इसी प्रकार का रोस्टर बनाएं, ताकि पुलिसिंग के काम में कोई बाधा न आए।
इस नीति के तहत दी जाने वाली साप्ताहिक छुट्टी को सामान्य अवकाश नहीं माना जाएगा। कर्मचारियों को अपने तैनाती स्थल पर ही रहना होगा और किसी भी आपात स्थिति में उन्हें तुरंत ड्यूटी पर बुलाया जा सकता है। खन्ना में वर्तमान में लगभग 700 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं, जिनमें से करीब 200 कर्मी थानों में कार्यरत हैं। एसएसपी ने माना कि कम स्टाफ के बावजूद ड्यूटी का प्रबंधन करना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन कर्मचारियों के कल्याण को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार लंबे समय तक लगातार ड्यूटी करने से पुलिसकर्मियों की सेहत पर नकारात्मक असर पड़ता है और वे अपने परिवार को समय नहीं दे पाते। इससे कार्य के दौरान तनाव और आम जनता के साथ व्यवहार में चिड़चिड़ापन भी बढ़ सकता है। नए आदेशों के अनुसार, जब एसएचओ साप्ताहिक अवकाश पर होंगे, तब उस दिन एडिशनल एसएचओ या अन्य नियुक्त अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे, जिससे कानून-व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहेगी। एसएसपी दर्पण अहलूवालिया ने कहा कि लगातार तनावपूर्ण ड्यूटी से थकान बढ़ती है, जिससे कार्यक्षमता और व्यवहार प्रभावित होते हैं।