News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

सड़क हादसा में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी की मौत, आरोपित गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम, 02 अप्रैल । जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग-18 (एनएच-18) पास संतोष होटल के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में बिहार पुलिस के सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी भुगान बास्के (65) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपनी स्कूटी से सड़क पार कर रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार, गुड़ाबंदा थाना क्षेत्र के बेनागाड़िया निवासी भुगान बास्के अपने बच्चों के नामांकन के सिलसिले में बहरागोड़ा जा रहे थे। उनकी पत्नी मुनी बास्के पहले ही बस से निकल चुकी थीं, जबकि भुगान अपनी स्कूटी (जेएच05सीए 7479) से पीछे-पीछे आ रहे थे। लेकिन बहरागोड़ा पहुंचने से पहले ही रास्ते में दर्दनाक हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही भुगान बास्के संतोष होटल के पास कटिंग से सड़क पार करने लगे, उसी दौरान जमशेदपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार होंडा एमेज कार (जेएच01जीए 9778) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और वे सड़क पर दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उनकी स्थिति बेहद गंभीर हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहरागोड़ा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी और परिजन अस्पताल पहुंचे।

वहीं, दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम के साथ उसका पीछा किया। पुलिस ने बरसोल थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर फिल्मी अंदाज में आरोपित चालक को वाहन सहित पकड़ लिया। फिलहाल चालक से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल घाटशिला भेज दिया है।

Leave a Reply