News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

पलामू सांसद ने की मेदिनीनगर में बंद पड़े आकाशवाणी-दूरदर्शन केंद्र को फिर से शुरू करने की मांग

पलामू, 03 अप्रैल । पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम (वीडी राम) ने मेदिनीनगर के बैरिया स्थित बंद पड़े आकाशवाणी और दूरदर्शन केंद्र को जल्द पुनः शुरू करने की मांग की है। इस संबंध में सांसद के निजी सचिव अलख दुबे ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सांसद ने इस मुद्दे को लोकसभा में उठाने के साथ-साथ केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर और व्यक्तिगत मुलाकात कर भी केंद्र की गतिविधियां शुरू कराने का अनुरोध किया है।

सांसद ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान आकाशवाणी और दूरदर्शन केंद्र पर रिकॉर्डिंग एवं अन्य कार्यक्रमों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था, लेकिन महामारी समाप्त होने के बाद भी अब तक इन्हें दोबारा शुरू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र में आवश्यक आधारभूत संरचना उपलब्ध है और संचालन में कोई बड़ी बाधा नहीं है।

उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि केंद्र बंद रहने से स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच नहीं मिल पा रहा है, जिससे क्षेत्र की कला और संस्कृति प्रभावित हो रही है।

सांसद विष्णु दयाल राम ने मांग की कि आकाशवाणी और दूरदर्शन केंद्र की गतिविधियों को जल्द बहाल किया जाए, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर मिले और जन प्रसारण सेवाएं मजबूत हो सकें।

————-

Leave a Reply