पीआरसीआई के 22वें स्थापना दिवस पर जयपुर चैप्टर का शुभारंभ, नई कार्यकारिणी ने संभाला पदभार
जयपुर, 04 अप्रैल । पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया (पीआरसीआई) के 22वें स्थापना दिवस के अवसर पर जयपुर में भव्य समारोह के बीच पीआरसीआई के जयपुर चैप्टर का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान के मिनी थिएटर में हुआ, जहां पारंपरिक दीप प्रज्वलन और पीआरसीआई एंथम के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) डॉ. गोरधन लाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संचार मानवता की सबसे बड़ी शक्ति है, जो लोगों को जोड़ने और आपसी समझ विकसित करने का माध्यम है।
कार्यक्रम में पीआरसीआई जयपुर चैप्टर की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। इसमें सोमेंद्र हर्ष को चेयरमैन और सन्नी कुलश्रेष्ठ को सचिव नियुक्त किया गया। इसके साथ ही पंकज वधवानी (कोषाध्यक्ष), अंशु हर्ष (उपाध्यक्ष), डॉ. संजीव भानावत और डॉ. एन.डी. माथुर (मार्गदर्शक) सहित अन्य पदाधिकारियों ने पदभार संभाला।
पीआरसीआई के चेयरमैन एमेरिटस एम.बी. जयराम और राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता शंकर ने वीडियो संदेश के माध्यम से जयपुर चैप्टर को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नए नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए कहा कि यह टीम जयपुर चैप्टर को देश के अग्रणी चैप्टर्स में शामिल करने में सफल होगी।
नेशनल सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अविनाश गवाई ने इस पहल को जनसंपर्क पेशेवरों और विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण मंच बताते हुए इसे राजस्थान में संचार क्षेत्र के विकास की दिशा में अहम कदम बताया।
सचिव सन्नी कुलश्रेष्ठ ने बताया कि जयपुर चैप्टर के माध्यम से पब्लिक रिलेशन, मार्केटिंग कम्युनिकेशन, डिजिटल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में युवाओं को अवसर प्रदान किए जाएंगे।
वहीं अध्यक्ष सोमेंद्र हर्ष ने कहा कि संगठन के माध्यम से कम्युनिकेशन और प्रोफेशनल ग्रोथ के लिए नए प्लेटफॉर्म तैयार किए जाएंगे।
कार्यकारिणी समिति में सोशल मीडिया, कंटेंट, मीडिया, आईटी, इवेंट मैनेजमेंट और सरकारी संचार जैसे विभिन्न क्षेत्रों के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जो संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम में जनसंपर्क, मीडिया, डिजिटल कम्युनिकेशन और कॉर्पोरेट क्षेत्र से जुड़े कई विशेषज्ञों और सदस्यों ने भाग लिया। पीआरसीआई जयपुर चैप्टर का शुभारंभ शहर के संचार पेशेवरों के लिए एक सशक्त मंच के रूप में देखा जा रहा है, जो सहयोग, नवाचार और विकास के नए अवसर प्रदान करेगा।