हिम अकादमी पब्लिक विद्यालय में संस्कृत संभाषण शिविर आयोजित
हमीरपुर, 10 अप्रैल । हिम अकादमी पब्लिक विद्यालय, विकासनगर (हमीरपुर) में आयोजित पांच दिवसीय संस्कृत संभाषण शिविर का 10 अप्रैल को उत्साहपूर्ण एवं गरिमामयी वातावरण में सफल समापन हुआ। इस ज्ञानवर्धक शिविर का शुभारंभ 6 अप्रैल को हुआ था, जिसमें विद्यालय के छात्रावासीय छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि जागृत करना तथा उन्हें व्यवहारिक रूप से संस्कृत संभाषण में दक्ष बनाना रहा। शिविर का संचालन संस्कृत अध्यापक श्री आकर्ष शर्मा और श्री आशीष रंजन के मार्गदर्शन में किया गया, जिन्होंने सरल एवं रोचक तरीकों से विद्यार्थियों को संस्कृत बोलने के लिए प्रेरित किया।
पांच दिनों तक चले इस शिविर में विद्यार्थियों ने आत्म-परिचय, दैनिक जीवन से जुड़े संवाद, श्लोक वाचन, संस्कृत गीत-गायन और प्रश्नोत्तर जैसी विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों के भाषा कौशल के साथ-साथ आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई।
समापन समारोह में विद्यालय प्रबंधक समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या इंजीनियर नैना लखनपाल, उप-प्रधानाचार्य अश्विनी कुमार, मुख्य अध्यापिका कंचन लखनपाल और विद्यालय समन्वयक मनीषा मारवाह सहित अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।