राेहतक में युवक की बेहरमी से हत्या, धड़ से कटा सिर खेत में पड़ा मिला, ग्रामीणों में दहशत
रोहतक, 28 मार्च । महम क्षेत्र के अंतर्गत गांव फरमाणा बादशापुर के खेतों में एक युवक का धड़ से कटा सिर के साथ शव पड़ा हुआ मिला है। युवक की तेजधार हथियार से बेहरमी से हत्या की गई है। आशंका जताई जा रही है कि जंगली जानवरों ने कटे हुए सिर व धड़ को भी खाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया। डीएसपी व एफएसएल की टीम ने भी घटना स्थल का निरीक्षण कर इस बारे में पता किया। जिस तरह से खेत में युवक का शव मिला है, उससे ग्रामीणों में भी दहशत फैल गई है। बताया जा रहा है कि युवक दो दिन से घर से लापता था और इस संबंध में महम थाना में भी शिकायत दर्ज करवाई गई थी।
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह गांव फरमाणा बादशापुर के खेतों में ग्रामीणों ने एक युवक का धड़ से कटा सिर के साथ शव पड़ा देखा। घटना के बाद काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की जेब से मिले कागजातों के आधार पर शव की पहचान फरमाणा बादशापुर निवासी 19 वर्षीय मोहित के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले मोहित घर से शादी में जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह वापिस घर नहीं पहुंचा। उसकी कई जगह तलाश की लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नही मिली थी।
इस संबंध में पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। मोहित अविवाहित था और वह दिहाडी मजदूरी करता था। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोहित की जिस तरह से गर्दन काटकर धड़ से अलग की गई है, उससे साफ है कि हमलावर की कोई गहरी दुश्मनी थी, लेकिन परिजनों ने किसी भी रंजिश से इंकार किया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।