News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

बाबतपुर एयरपोर्ट पर विमान के लैंडिंग के समय यात्री ने इमरजेंसी गेट खोलने का किया प्रयास, हड़कम्प

वाराणसी, 29 मार्च । उत्तर प्रदेश के वाराणसी बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार देर शाम एक इंडिगो विमान की लैंडिंग के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री ने उड़ान के इमरजेंसी एग्जिट गेट को खोलने का प्रयास किया। सतर्क केबिन क्रू की सूझबूझ से स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया और बड़ी दुर्घटना टल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई 185 बेंगलुरु से वाराणसी आ रही थी। विमान जब बाबतपुर एयरपोर्ट के ऊपर लैंडिंग के लिए चक्कर लगा रहा था, उसी दौरान मऊ निवासी यात्री अदनान ने अचानक इमरजेंसी दरवाजा खोलने की कोशिश की। इस अप्रत्याशित घटना से विमान में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। केबिन क्रू ने तत्काल पायलट को स्थिति से अवगत कराया, जिसके बाद पायलट ने एहतियातन विमान को दोबारा हवा में ले जाकर स्थिति सामान्य की। लगभग 30 मिनट बाद रात 10:35 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी यात्री ने बेंगलुरु से उड़ान भरने के कुछ समय बाद भी इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की थी, लेकिन तब क्रू मेंबर्स ने उसे समझाकर शांत करा दिया था।

विमान के सुरक्षित उतरने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने यात्री को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उसे फूलपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने दावा किया कि उस पर “भूत-प्रेत का साया” है और उसे यह जानकारी नहीं थी कि बटन दबाने से विमान का दरवाजा खुल सकता है। फूलपुर थाना प्रभारी ने रविवार काे बताया कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां भी पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।

Leave a Reply