News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

गर्मी में गौवंश को लू से बचाने के लिए पशुपालन विभाग ने जारी किए निर्देश

प्रयागराज, 22 मार्च । बढ़ती गर्मी को देखते हुए पशुपालन विभाग ने गौवंश को लू से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए हैं। यह जानकारी रविवार को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ शिवनाथ यादव ने गौआश्रय स्थलों पर गोवंश की सुरक्षा और देखभाल को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि गर्मी के मौसम में गौवंश को लू से बचाने के लिए पर्याप्त छाया की व्यवस्था की जाए। पशु शेड में गर्म हवाओं से बचाव के लिए तिरपाल या टाट आदि से ढकने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निराश्रित गौवंश आश्रय स्थलों पर विशेष निगरानी रखते हुए गौवंश के भरण-पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने निर्देश दिया कि गौवंश आश्रय स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में भूसा, हरा चारा और दाना उपलब्ध कराया जाए तथा गौवंश के लिए स्वच्छ और ताजा पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। बीमार और अशक्त गौवंश को छायादार सुरक्षित स्थान पर रखकर उनके उपचार की व्यवस्था कराई जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि मृत गौवंश के शव का सम्मानजनक ढंग से यथाशीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि गर्मी के कारण शव के विघटन से बीमारी फैलने का खतरा न उत्पन्न हो। गौवंश आश्रय स्थलों पर रात्रिकालीन चौकीदार की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था भी बनी रहे, जिससे समय पर पानी की आपूर्ति हो सके।

उन्होंने कहा कि गर्मी में गौवंश की सुरक्षा हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है और सावधानी ही सुरक्षा है। पशुपालन विभाग द्वारा दिए गए सरल उपाय अपनाकर गोवंश को लू से बचाया जा सकता है और उन्हें स्वस्थ एवं सुरक्षित रखा जा सकता है।

Leave a Reply