News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

नव वर्ष पर 500 घरों में पहुंचेंगे प्राण प्रतिष्ठित खाटू वाले श्याम बाबा

जोधपुर, 14 मार्च । श्याम भक्ति सेवा संस्थान द्वारा जोधपुर में नववर्ष के अवसर पर एक अनूठी धार्मिक पहल की जा रही है, जिसके तहत 500 घरों में प्राण प्रतिष्ठित खाटू वाले श्याम बाबा की मूर्तियां पहुंचाई जाएंगी। संस्थान की अध्यक्ष मोनिका प्रजापत के नेतृत्व में नवरात्र के पहले दिन इन मूर्तियों का निशुल्क वितरण किया जाएगा। आयोजन से जुड़े शास्त्री मोहित भाई दाधीच ने बताया कि मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान के साथ विद्वान पंडितों की उपस्थिति में कराई जाएगी, ताकि भक्तों को विधिवत पूजनीय स्वरूप प्राप्त हो सके। इस धार्मिक पहल को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

आयोजन समिति के अध्यक्ष ईश्वर सिंह उदावत और संस्थान के कार्यवाहक सचिव हेमंत लालवानी ने बताया कि, मूर्तियों का निर्माण प्रसिद्ध शिल्पकार जयशंकर बावरी के नेतृत्व में 15 कारीगरों की टीम ने अथक परिश्रम से किया है। कई दिनों की मेहनत के बाद सभी मूर्तियां पूरी तरह तैयार हो चुकी हैं। शिल्पकार जयशंकर बावरी ने भी इस अवसर पर बड़ा दिल दिखाते हुए कहा कि श्याम बाबा की कृपा से हुई कमाई से पहले उन्होंने प्याऊ का निर्माण कराया था और अब वे श्मशान में भगवान शिव की मूर्ति स्थापित करवाने का संकल्प ले रहे हैं। इस धार्मिक आयोजन की तैयारियां इन दिनों गीता भवन में संस्थान की अध्यक्ष मोनिका प्रजापत और गीता प्रचार मंडल के सचिव राजेश लोढ़ा की देखरेख में जोर-शोर से चल रही हैं। नवरात्र के पहले दिन होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति के अध्यक्ष ईश्वर सिंह उदावत ने बताया कि, यह पहल समाज में भक्ति और धार्मिक संस्कारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक घरों में श्याम बाबा की पूजा-अर्चना हो सके।

प्राण प्रतिष्ठा पूजन कमेटी के अध्यक्ष पंडित एस के जोशी ने अपनी टीम के सदस्य जगदीश कुमार, नितिन आचार्य, राधा कृष्ण शर्मा, प्रभाँशु जोशी और भूमित्र जोशी के नेतृत्व में मूर्तियों के निर्माण कार्य को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार शास्त्री मोहित भाई दाधीच की देखरेख में अलग-अलग 100 मंदिरों में स्थापित श्याम बाबा की 100 मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई थी उसी प्रकार उन्ही के नेतृत्व में पंडित मांगीलाल दाधीच, पंडित राजेश दाधीच, पंडित उमेश त्रिपाठी और पंडित प्रदीप दाधीच के नेतृत्व में लगभग 11 पंडितों द्वारा मंत्रोचारण के साथ विधि विधान से 500 श्याम बाबा की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा कराई जाएगी।

Leave a Reply