उत्तराखंड के मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने ओडिशा के राज्यपाल से की भेंट, बोले-जगन्नाथ मंदिर और केदारनाथ धाम आध्यात्मिक विरासत
भुवनेश्वर, 24 मार्च । उत्तराखंड के वरिष्ठ पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को भुवनेश्वर स्थित लोक भवन में ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच विकास, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) देहरादून की ओर से आयोजित प्रेस टूर के तहत पहुंचे 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सहायक निदेशक संजीव कुमार सुन्द्रियाल कर रहे हैं। बैठक में पत्रकारों ने उत्तराखंड की भौगोलिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विशेषताओं पर प्रकाश डाला। राज्यपाल डॉ. कंभमपति ने कहा कि ओडिशा और उत्तराखंड दोनों राज्यों में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की अपार संभावनाएं समान रूप से विद्यमान हैं। उन्होंने पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर और उत्तराखंड के केदारनाथ धाम का उल्लेख करते हुए दोनों राज्यों की आध्यात्मिक समानताओं को रेखांकित किया।
उन्होंने ओडिशा के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य आर्थिक, सामाजिक और अवसंरचनात्मक क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे जीवन स्तर में वृद्धि हुई है। वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में भी स्थिति में सुधार आई है और विकास की पहुंच बढ़ी है।
औद्योगिक विकास पर उन्होंने कहा कि ओडिशा खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और एल्यूमिनियम सहित विभिन्न उद्योगों में निवेश से आर्थिक गतिविधियों को गति मिली है। अवसंरचना क्षेत्र में सड़क, रेलवे कॉरिडोर और बंदरगाहों के विस्तार का भी उल्लेख किया गया।
राज्यपाल ने सेमीकंडक्टर और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में हो रहे निवेश का जिक्र करते हुए कहा कि ओडिशा एक उभरते हुए आईटी एवं शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने उच्च शिक्षण संस्थानों की भूमिका की सराहना की।
उत्तराखंड से अपने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2012-13 के दौरान उन्होंने राज्य का दौरा किया था और विकास मॉडल को करीब से देखा। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ओर से घोषित औद्योगिक पैकेज का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे रुद्रपुर जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़े।
उन्होंने देश में अवसंरचनात्मक विकास की गति की सराहना करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के योगदान का उल्लेख किया और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को कनेक्टिविटी सुधार का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।
राज्यपाल ने कहा कि राज्यों के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान समग्र विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने मीडिया से तथ्यात्मक, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।