जींद : सफीदों फैक्टरी मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार, मृतकों की संख्या हुई 10 : एसपी
जींद, 13 मार्च । एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि सफीदों की गीता कालोनी में रंग फैक्टरी में हुई आगजनी के तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की रडार पर जिले के 50 ठिकाने हैं। मामले की जांच लगातार जारी है और पारदर्शिता बनाई रखी जा रही है। घटना के दिन ही मुकद्मा दर्ज कर लिया गया था। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ था, उसके मालिक को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा एफआईआर में नामजद दो अन्य आरोपितों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह शुक्रवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुछ अन्य संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि अगले एक-दो दिनों में मामले में अन्य संभावित आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। इस टीम का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी कर रही हैं। टीम में सफीदो के डीएसपी, संबंधित थाना प्रभारी तथा सीआईए इंचार्ज को भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि यह मामला आग लगने के साथ-साथ दम घुटने (सफोकेशन) से जुड़ा हुआ है। हादसे में अब तक 10 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। पीडि़तों के न्यायिक बयान दर्ज कराने के लिए उन्हें पीजीआईएमएस में न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने का प्रयास किया गया लेकिन उस समय उनकी हालत बयान देने के लिए उपयुक्त नही थी। वहीं जो प्रत्यक्षदर्शी और अन्य घायल अब स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है और उनके बयानों का क्रॉस वेरिफिकेशन किया जा रहा है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मामले में नामजद आरोपितों द्वारा सफीदों सदर क्षेत्र में एक और गोदाम या फैक्टरी चलाई जा रही थी। पुलिस ने नागरिक प्रशासन की मदद से उस स्थान की भी पहचान की है और पुलिस की शिकायत पर वहां भी एक समान एफआईआर दर्ज की गई है। हालांकि इस मामले में अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है क्योंकि इसमें शामिल आरोपी पहले दर्ज मामले में भी नामजद हैं।