विश्व बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप में पांचवें दिन भारतीय मुक्केबाजों गुंजन, राधामणि और चंद्रिका ने दर्ज की जीत
बैंकॉक, 12 मार्च । विश्व बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप 2026 के पांचवें दिन गुरुवार को भारतीय युवा मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई मुकाबलों में जीत दर्ज की। भारत की ओर से गुंजन, राधामणि लोंगजाम और चंद्रिका पुजारी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर टीम का मनोबल बढ़ाया।
सुबह के सत्र में 48 किलोग्राम वर्ग में गुंजन ने पोलैंड की मुक्केबाज को 5-0 के सर्वसम्मत निर्णय से हराया। वहीं 57 किलोग्राम वर्ग में राधामणि लोंगजाम ने इक्वाडोर की खिलाड़ी को पहले ही राउंड में रेफरी द्वारा मुकाबला रोके जाने के फैसले से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
हालांकि, 60 किलोग्राम वर्ग में प्राची को स्लोवाकिया की मुक्केबाज के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं पुरुष वर्ग के 70 किलोग्राम भार वर्ग में प्रियांश सहरावत को मोरक्को के मुक्केबाज के हाथों 0-5 से पराजय मिली।
शाम के सत्र में 50 किलोग्राम वर्ग में चंद्रिका पुजारी ने संयुक्त राज्य अमेरिका की प्रतिद्वंद्वी को 5-0 के सर्वसम्मत निर्णय से हराकर भारत के लिए एक और जीत दर्ज की।
आठ से पंद्रह मार्च तक बैंकॉक में आयोजित इस प्रतियोगिता में दुनिया भर के उभरते युवा मुक्केबाज युवा ओलंपिक भार वर्गों में भाग ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव देने और भविष्य की वैश्विक प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है।
इससे पहले चौथे दिन सुबह के सत्र में प्रियांश सहरावत ने लातविया के मुक्केबाज को 5-0 से हराकर शानदार जीत के साथ भारत के अभियान की शुरुआत की थी।
शाम के सत्र में भारतीय टीम को दो और जीत मिली थीं। 50 किलोग्राम वर्ग में एल. आंबेकर ने ताजिकिस्तान के मुक्केबाज को 5-0 से हराया, जबकि 60 किलोग्राम वर्ग में साहिल दुहान ने भी ताजिकिस्तान के खिलाड़ी को 5-0 से पराजित कर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत लय बरकरार रखी।
हालांकि 65 किलोग्राम वर्ग में अमन सिवाच को यूक्रेन के मुक्केबाज के खिलाफ दूसरे राउंड में रेफरी द्वारा मुकाबला रोके जाने के कारण हार का सामना करना पड़ा।