अशोकनगर: दहशत फैलाने वाले गिरोह के 3 गुर्गे दबोचे, खाकी का खौफ देख भूले रॉयल गिरी
अशोकनगर, 19 मार्च । मध्यप्रदेश के अशोकनगर में शहर की शांति भंग करने और रॉयल ग्रुप के नाम पर गुंडागर्दी करने वाले बदमाशों के बुरे दिन शुरू हो गए हैं। थाना देहात पुलिस ने क्षेत्र में दहशत का पर्याय बन रहे इस ग्रुप पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। एसपी राजीव कुमार मिश्रा के के निर्देशों के बाद पुलिस ने इन फेसबुकिया डॉन की सारी हेकड़ी निकाल दी है।
वारदात बीते मंगलवार की है, जब तुलसी सरोवर पार्क के पास पछाड़ीखेड़ा रोड पर बैठे अमित शर्मा और उमेश अहिरवार पर रॉयल ग्रुप के आधा दर्जन बदमाशों ने हमला बोल दिया। पुरानी रंजिश और शराब के लिए रुपयों की मांग को लेकर इन गुंडों ने डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से मारपीट की। फरियादी दीपक रघुवंशी की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया।
मामले की गंभीरता देखते हुए थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर भुवनेश शर्मा ने विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस के सक्रिय होते ही रॉयल ग्रुप के सदस्य छिपने लगे, लेकिन पुलिस के सटीक मुखबिर तंत्र ने उन्हें ढूंढ निकाला। अलग-अलग स्थानों पर दी गई दबिश में तीन नामजद गुंडे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। राहुल अहिरवार (निवासी आंवरी) सचिन जाटव (निवासी गर्रोली) दिलीप अहिरवार (निवासी बरखेड़ी)
गिरफ्तार आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने रॉयल नाम से एक ग्रुप बना रखा था, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों के साथ मारपीट करना, अवैध वसूली करना और शहर के युवाओं में खौफ पैदा करना था। पुलिस अब इस ग्रुप के अन्य सदस्यों और इनके आकाओं की कुंडली खंगाल रही है।
देहात पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि सोशल मीडिया या ग्रुप बनाकर शहर का माहौल बिगाडऩे वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया गया है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।