News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

सभापति डिग्री लाल साहू एवं पार्षद आशीष ताम्रकार बने वार्ड समिति के अध्यक्ष

रायगढ़, 23 मार्च । नगर निगम क्षेत्र में जनसंख्या के आधार पर वार्ड समितियों का गठन कर प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। सोमवार को निगम सभाकक्ष में निगम क्षेत्र के अंतर्गत दो वार्ड समितियों का गठन प्रक्रिया सम्पन्न हुआ। वार्ड समितियों के गठन से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में तेजी लाई जा सकेगी एवं जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण संभव होगा।

प्रथम वार्ड समिति में वार्ड क्रमांक 1 से 20, साथ ही वार्ड क्रमांक 39, 40 एवं 43 से 46 तक के वार्डों को शामिल किया गया है। वहीं द्वितीय वार्ड समिति में वार्ड क्रमांक 21 से 38 तथा 41, 42, 47 एवं 48 को सम्मिलित किया गया है।

चूंकि वार्ड समितियां के गठन में सभापति से संबंधित वार्ड चुनाव मैं शामिल है तो सभापति को उसे वार्ड समिति का पदेन अध्यक्ष नियुक्त करने का प्रावधान है। इसलिए प्रथम वार्ड समिति के अध्यक्ष के रूप में सभापति डिग्री लाल साहू को मनोनीत किया गया है। वहीं द्वितीय वार्ड समिति में वार्ड क्रमांक 27 के पार्षद आशीष ताम्रकार को निर्विरोध रूप से अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान ने दोनों नवनियुक्त अध्यक्षों का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि वार्ड समितियों के माध्यम से नगर निगम के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय समस्याओं का समाधान और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से शहर के समग्र विकास के लिए सकारात्मक एवं समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

गठन प्रक्रिया से पूर्व नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने वार्ड समितियों के गठन, उनकी कार्यप्रणाली एवं शक्तियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वार्ड समितियां स्थानीय स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन, निगरानी एवं जनसहभागिता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इससे पूर्व डिप्टी कमिश्नर सुतीक्षण यादव एवं निगम सचिव आरएन पटेल द्वारा वार्ड समिति गठन के पूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। निगम प्रशासन द्वारा वार्ड समितियों का यह गठन शहर के सुव्यवस्थित विकास, पारदर्शिता एवं बेहतर प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वार्ड समिति गठन प्रक्रिया के दौरान एमआईसी सदस्यगण, संबंधित वार्ड के पाषर्दगण, कार्यपालन अभियंता श्री अमरेश लोहिया एवं विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

अध्यक्ष करेंगे दो नाम प्रस्तावित

वार्ड समिति में संबंधित वार्ड के सभी पार्षदगण सदस्य रहेंगे। इसी तरह प्रत्येक वार्ड समिति में अध्यक्ष द्वारा दो नाम प्रस्तावित किया जाएगा, जो पार्षद नहीं होंगे, लेकिन नगर निगम कार्यप्रणाली के जानकार होंगे एवं जो पार्षद बनने की योग्यता रखते होंगे। प्रस्तावित नाम पर अंतिम मुहर महापौर द्वारा लगाई जाएगी।

Leave a Reply