News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

मप्रः मुख्यमंत्री ने हितानंद शर्मा की माताजी के निधन पर दी श्रद्धांजलि

भोपाल, 01 मार्च । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को अशोकनगर जिले की तहसील नईसराय के ग्राम मढ़ी महिदपुर पहुंचकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य क्षेत्र सह बौद्धिक शिक्षण प्रमुख हितानंद शर्मा की परम पूज्यनीय माताजी जनकदुलारी शर्मा के निधन पर श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने दिवंगत पुण्य आत्मा की शांति के लिए बाबा महाकाल से प्रार्थना कर श्रीचरणों में स्थान देने की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने शोक संतृप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि जनकदुलारी शर्मा का निधन बीते मंगलवार को भोपाल में हुआ था। उनका अंतिम संस्कार पैतृक ग्राम जिला अशोकनगर की तहसील नईसराय के ग्राम मढ़ी महिदपुर में किया गया था।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वर्गीय जनकदुलारी शर्मा धार्मिक प्रवृत्ति, सादगीपूर्ण जीवन एवं संस्कारवान व्यक्तित्व के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने समाज एवं परिजनों को सामाजिक मूल्यों ,राष्ट्र भावना और सेवा संस्कारों से प्रेरित किया था। स्वर्गीय जनकदुलारी को बच्चा-बच्चा अम्मा राधे राधे कहकर पुकारते थे। अम्मा का जाना एक अपूर्णीय क्षति है, जिसकी भरपाई होना संभव नहीं है। अम्मा का धार्मिक स्थल मथुरा, वृंदावन से काफी लगाव रहा, उनका हमेशा आना-जाना लगा रहता था। उन्होंने अपने परिवार का निर्वहन पूर्ण रूप से किया था। उन्होंने कहा कि मैं जनक दुलारी शर्मा के अस्वस्थ होने पर ग्राम मढ़ी महिदपुर में उनके स्वास्थ्य का हाल-चाल जानने पहुँचा था। विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी और विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव ने भी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने जलालपुर पहुँचकर विधायक लोधी की माताजी के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को ग्वालियर जिले के ग्राम जलालपुर पहुँचकर विधायक प्रीतम लोधी की माताजी स्व. श्रीमती भागवती बाई के निधन पर शोक संवेदनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत स्व. भागवती जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि प्रदान की। इस अवसर पर वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, जयप्रकाश राजौरिया, प्रेमसिंह राजपूत सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। विधायक प्रीतम लोधी की माताजी भागवती बाई का गत 26 फरवरी को लगभग 100 वर्ष की अवस्था में निधन हो गया था।

Leave a Reply