News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

मप्र विधान सभा में तीन राज्यों के युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन रविवार से

भोपाल, 28 मार्च । मध्य प्रदेश विधान सभा में युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन रविवार, 30 मार्च से विधानसभा के विधान परिषद हाल में आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में राष्ट्रकुल संसदीय संघ (भारत क्षेत्र 6) के तीन राज्यों मध्य प्रदेश के 18, छत्तीसगढ़ के 15 तथा राजस्थान के 22 युवा विधायक सम्मिलित होंगे।

विधान सभा के अवर सचिव नरेंद्र मिश्रा ने शनिवार को बताया कि युवा विधायक सम्मेलन का उद्घाटन रविवार, 30 मार्च को होगा। उद्घाटन कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्य देश विधान सभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन के प्रथम दिवस ‘लोकतंत्र और नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करने हेतु युवा विधायकों की भूमिका’ विषय पर मंथन होगा। प्रथम दिवस माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी भी युवा विधायकों को संबोधित करेंगे।

सम्मेलन के दूसरे दिन 31 मार्च को ‘विकसित भारत 2047−युवा विधायकों के दायित्व एवं चुनौतियां’ विषय पर मंथन होगा। इस दिन अन्य सत्रों के अलावा एमआईटी पूना के चेयरमैन डॉ. राहुल वी. कराड का संबोधन होगा। समापन समारोह में राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश उपस्थित रहेंगे।

इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply