News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

महापौर ने बागवानी अपशिष्ट संग्रह के लिए 48 टिपर ट्रकों को दिखाई हरी झंडी

नई दिल्ली, 10 मार्च । दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने मंगलवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मुख्यालय में 48 टिपर ट्रकों को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ये वाहन पूरी दिल्ली में बागवानी अपशिष्ट के संग्रहण कार्य को गति देंगे।

सीएनजी से चलने वाले इन वाहनों को हरी झंडी दिखाते हुए महापौर ने कहा कि ये 48 टिपर ट्रक हाइड्रोलिक टिपिंग सुविधा से लैस हैं, जिससे सभी जोनों में बागवानी अपशिष्ट के संग्रहण कार्य को काफी बढ़ावा मिलेगा। ये वाहन दिल्ली नगर निगम के पार्कों से उत्पन्न होने वाले बागवानी कचरे के परिवहन में सहायक होंगे।

महापौर ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली नगर निगम शहर में नागरिक सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ कर रही है। दिल्ली सरकार के साथ समन्वय में कार्य करते हुए राजधानी को देश का सबसे स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इन टिपर ट्रकों की खरीद भारत सरकार के अर्बन डेवलपमेंट फंड (यूडीएफ) के अंतर्गत प्राप्त वित्तीय सहायता से की गई है। इनका उपयोग हरे कचरे के संग्रहण और परिवहन के लिए किया जाएगा, जिसे दिल्ली नगर निगम के हरित अपशिष्ट केन्द्रों, पार्कों आदि तक पहुंचाया जाएगा, जिससे बागवानी अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाया जा सके।

महापौर ने इन नए ट्रकों के परिचालन लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उद्यान विभाग के बेड़े में इन 48 वाहनो के शामिल होने के बाद बागवानी अपशिष्ट संग्रहण वाहनों की कुल संख्या बढ़कर 74 हो जाएगी। इनकी तैनाती से मानवीय श्रम में कमी आएगी तथा बागवानी कार्यों की गति और दक्षता बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि नए खरीदे गए ये वाहन सीएनजी ईंधन पर चलते हैं और नवीनतम बीएस-6 उत्सर्जन मानकों का पालन करते हैं, जिससे ये पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ एमसीडी द्वारा प्रदान की जा रही नागरिक सेवाओं को और सुदृढ़ करेंगे। इन वाहनों की गुणवत्ता जांच आईआईटी दिल्ली द्वारा सुनिश्चित की गई है।

महापौर ने कहा कि नगर निगम अपने बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और नागरिकों को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और प्रभावी नागरिक सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर स्थायी समिति की अध्यक्षा सत्या शर्मा, दिल्ली नगर निगम की उद्यान समिति अध्यक्ष हरीश ओबरॉय, निगमायुक्त संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त तथा अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply