नकल पर ‘नकेल’: हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड की सख्ती रंग लाई, अब तक केवल 57 यूएमसी दर्ज
धर्मशाला, 20 मार्च । हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में इस बार ‘नकल माफिया’ और शॉर्टकट अपनाने वाले परीक्षार्थियों पर बोर्ड द्वारा कसा गया शिकंजा रंग दिखा रहा है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि तकनीक और सतर्कता के संगम से इस वर्ष नकल के मामलों में उल्लेखनीय गिरावट आई है। जारी परीक्षाओं के दौरान अब तक प्रदेश भर में केवल 57 यूएमसी दर्ज किए गए हैं, जो पिछले वर्षों के आंकड़ों के मुकाबले बोर्ड की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और अनुशासित वातावरण में संपन्न करवाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस बार केवल फ्लाइंग स्क्वॉड की सक्रियता ही नहीं, बल्कि तकनीकी निगरानी और केंद्रों पर कड़े अनुशासन ने नकलचियों के पसीने छुड़ा दिए हैं। बोर्ड द्वारा बरती गई इस सख्ती का ही परिणाम है कि परीक्षा केंद्रों पर अब अनियमितता की गुंजाइश न के बराबर रह गई है।