News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सख्ती से छेड़छाड़ करने वालों पर कार्रवाई

जयपुर, 23 मार्च । जयपुर पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर योगेश दाधीच के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। यूनिट द्वारा शहर के सार्वजनिक स्थलों—शैक्षणिक संस्थानों, गर्ल्स हॉस्टल, पीजी, मॉल, पार्क और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पहले मामले में कालिका पेट्रोलिंग टीम की महिला कांस्टेबल सुनीता और सुशीला ने हरमाड़ा थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान एक व्यक्ति को अपनी भतीजी के साथ मारपीट और अभद्र भाषा का उपयोग करते पकड़ा, जिसके खिलाफ कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया गया। दूसरे मामले में टीम की महिला कांस्टेबल सुमन और मुन्नी ने मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान एक महिला से अभद्र टिप्पणी कर दोस्ती का दबाव बनाने वाले असामाजिक तत्व को गिरफ्तार किया।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए ‘निर्भया हेल्पलाइन’ जारी किए गए हैं, जिन्हें मोबाइल में सेव कर किसी भी आपात स्थिति में कॉल, मैसेज, ऑडियो या वीडियो के माध्यम से सूचना दी जा सकती है। यह हेल्पलाइन 24 घंटे सक्रिय रहती है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply