News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

रंगदारी गैंग के तीन आरोपित गिरफ्तार, एक फरार

पलामू, 22 मार्च । जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में एक स्थानीय मार्बल व्यवसायी से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संगठित गैंग का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपित अब भी फरार है।

थाना प्रभारी को मिली लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।

जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मुख्य अभियुक्त रविशंकर कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह (24) और उसका साथी प्रिंस कुमार उर्फ प्रिंस मेहता ने मिलकर रंगदारी की साजिश रची थी। पहचान छुपाने के लिए चोरी के मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल किया गया।

पुलिस के अनुसार, गैंग के अन्य सदस्य शुभम केशरी (20) और अमन कुमार चौरसिया (19) हुसैनाबाद रेलवे स्टेशन के आसपास नशे में रहने वाले लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करते थे। इन्हीं चोरी के मोबाइल और सिम का उपयोग रंगदारी मांगने में किया जाता था।

पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर उनके घरों से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, सिम कार्ड और अन्य चोरी के फोन बरामद किए हैं।

गिरफ्तार तीनों आरोपितों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपित प्रिंस मेहता की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपितों का आपराधिक इतिहास रहा है। मुख्य आरोपित रविशंकर सिंह पहले भी गंभीर मामलों में जेल जा चुका है।

Leave a Reply