वज्रपात से एक महिला की मौत, दो घायल
चतरा, 20 मार्च । जिले के बंदरचुवा गांव में शुक्रवार करे महुआ चुनने के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मृतका की शमा परवीन (35) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में मृतका की पुत्री लाडली उर्फ हुजैफा परवीन (12) और गांव के ही मोहम्मद महबूब की पत्नी जैतून निशा (55) शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अलविदा जुमे की नमाज के बाद महिलाएं गांव के किनारे महुआ चुनने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया।
बारिश और गर्जन से बचने के लिए वे महुआ पेड़ के नीचे खड़ी थी। तभी वज्रपात हो गया। इसकी चपेट में आकर शमा परवीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनवारा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।