News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

ससुराल आए युवक की हत्या, दो आरोपित गिरफ्तार

पलामू, 05 मार्च । जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के चेड़ाबार गांव में ससुराल आए नावाबाजार के करचा गांव के युगेश सिंह की हत्या खर्च करने के लिए पैसे मांगने के विवाद में हुई थी। लोहे की फाइटर से सिर पर वार करने से युवक ने दम तोड़ दिया था। पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में एक प्राथमिकी अभियुक्त शिवपूजन सिंह उर्फ शिवकुमार सिंह (28 ) और अप्राथमिकी अभियुक्त जयप्रकाश सिंह उर्फ हुड़िया (23) को गिरफ्तार किया है।

उल्लेखनीय है कि 27 फरवरी को युगेश सिंह अपनी पत्नी को डिग्री की परीक्षा दिलाने के लिए ससुराल आने के बाद शाम में अपने साला के साथ घर के पास शराब पीने निकला था। साला शराब पीने के बाद घर चला गया था, जबकि युगेश नशे में गांव के मुनेश्वर सिंह उर्फ ढेला सिंह के घर के पास बैठा था। रास्ते से जा रहे शिवपूजन और जयप्रकाश की ओर से खर्च करने के लिए पैसे की मांग करने पर विवाद हो गया था।

विवाद ज्यादा बढ़ जाने पर दोनों अभियुक्तों ने युगेश सिंह को कोयल नदी में ले जाकर फाइटर से सिर पर मार कर और गला दबाकर हत्या कर दी थी। शव को नदी की झाड़ी के बीच में छुपा दिया था। 28 फरवरी को दोपहर में शव बरामद हुआ था।

घटनास्थल से शिवपूजन का मफलर और जूता मिला था। इसी के आधार पर उसके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। शिवपूजन के पकड़े जाने पर जयप्रकाश की गिरफ्तारी हुई। उनकी निशानदेही पर मृतक का बैग और उसका जोड़ी जूता बरामद हुआ।

पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रेस वार्ता में बताया कि 05 मार्च को अभियुक्त शिवकुमार सिंह उर्फ शिवपूजन सिंह और अभियुक्त जयप्रकाश सिंह उर्फ़ हुड़िया को गिरफ्तार किया गया और पूछताछ के क्रम में मामले को स्पष्ट किया गया। इस संबंध में चार अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है, जिनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है।

Leave a Reply