जल महोत्सव पखवाड़ा में उपायुक्त ने दिया जल संरक्षण करने का निर्देश
खूंटी, 16 मार्च । जिले में जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत सोमवार को आयोजित गतिविधियों की समीक्षा समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आर रॉनिटा ने की।
समीक्षा बैठक में उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि 08 से 22 मार्च तक चल रहे इस अभियान के अंतर्गत निर्धारित सभी कार्यक्रमों का प्रभावी और व्यापक क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जल संरक्षण का संदेश पहुंच सके।
जिला जल एवं स्वच्छता समिति, खूंटी की ओर से आयोजित इस पखवाड़ा के दौरान जिले भर में जल संरक्षण, स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आम लोगों को जल के महत्व के प्रति जागरूक करना और भविष्य के लिए जल संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना है।
समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता बन गई है। यदि अभी से इस दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाले समय में जल संकट और गहरा सकता है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों, पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्र और विभिन्न सामाजिक संस्थानों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही लोगों को वर्षा जल संचयन, जल के समुचित उपयोग तथा स्वच्छता के महत्व के बारे में भी जानकारी दी जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, राज्य समन्वयक, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।