News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

जमानत पर बाहर चल रहे अभियुक्तों के खिलाफ करें कार्रवाई : आईजी

हजारीबाग, 12 मार्च । पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गुरुवार को उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुनील भास्कर की अध्यक्षता में बोकारो जोन के वरीय पुलिस पदाधिकारियों की बैठक की गई।

बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था की स्थिति और आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में आईजी ने आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए सभी जिलों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से पूर्व में हुई सांप्रदायिक घटनाओं में शामिल और जमानत पर बाहर चल रहे अभियुक्तों और असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अलावा पिछले छह माह में हुई महत्वपूर्ण आपराधिक घटनाओं के मामलों का जल्द निष्पादन करने, लंबित जमानती और गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया।

आईजी ने सिविल कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने और सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने सभी जिलों में प्रतिदिन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने, महिला प्रताड़ना और अनुसूचित जाति-जनजाति से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई कर 60 दिनों के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही नशे के कारोबार में संलिप्त गिरोहों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सीसीए के तहत कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।

Leave a Reply