होली मिलन समारोह आयोजित
पूर्वी सिंहभूम, 03 मार्च । टाटानगर केंद्रीय कर्षण मरम्मत कारखाना में होली मिलन समारोह का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। समारोह व्हील शॉप विभाग के सामने आयोजित हुआ, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार द्वारा मुख्य अतिथि, सीटीआरसी के मंडल विद्युत अभियंता प्रेम चंद्र शर्मा को भगवा वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित करने से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि ने इंस्पेक्टर संतोष कुमार को रंग-बिरंगी टोपी पहनाकर सम्मान जताया और औपचारिक रूप से समारोह का शुभारंभ किया। व्हील शॉप के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता निलेश कुमार ने प्रेम चंद्र शर्मा को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया, जबकि सहायक मंडल विद्युत अभियंता ए.के. नंदी को वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (सामान्य) द्वारा टोपी पहनाकर सम्मान दिया गया। इस अवसर पर प्रेम चंद्र शर्मा ने भी उपस्थित सभी वरिष्ठ अनुभाग अभियंताओं को रंगीन टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
मंच संचालन करते हुए सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने स्वरचित व्यंग्य रचना “व्हील शॉप में का… बा” प्रस्तुत कर सभी को खूब मनोरंजित किया।
मुख्य अतिथि प्रेम चंद्र शर्मा ने कहा कि होली आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का पर्व है। उन्होंने सभी कर्मचारियों की एकजुटता और सकारात्मक कार्यसंस्कृति की सराहना की तथा सभी को अबीर लगाकर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में सहायक मंडल विद्युत अभियंता ए.के. नंदी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
समारोह में मंडल विद्युत अभियंता प्रेम चंद्र शर्मा, सहायक मंडल अभियंता ए.के. नंदी, सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता निलेश कुमार, जगजीत कुमार, राजीव नयन, इंद्र कुमार, मुकेश कुमार, आर.के. सिंह सहित वरिष्ठ कुशल कारीगर डी.पी. तिवारी, रविंद्र लाल, जयानंद, बिक्रम बारी अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर होली की बधाई दी।