News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

पश्चिमी सिंहभूम के जंगल में मिला सड़ा-गला शव, हाथ बंधे होने से हत्या की आशंका

पश्चिमी सिंहभूम, 18 मार्च । पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के डेरवां जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव की हालत और हाथ बंधे होने की स्थिति ने मामले को संदिग्ध बना दिया है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गोइलकेरा-मनोहरपुर सड़क के पास जंगल में ग्रामीणों को तेज दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद आसपास तलाश करने पर झाड़ियों के बीच एक शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गोइलकेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, शव काफी पुराना है और बुरी तरह सड़-गल चुका है। हालत इतनी खराब थी कि शरीर के कई हिस्सों में सिर्फ हड्डियां ही नजर आ रही थीं। मृतक के हाथ पीछे की ओर बंधे हुए पाए गए, जिससे यह संदेह गहरा गया है कि पहले उसे बांधकर प्रताड़ित किया गया और फिर हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। साथ ही मृतक की पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही पहचान संभव हो सकेगी।

यह क्षेत्र पहले से नक्सल प्रभावित रहा है, जिसके कारण घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच की बात कही है।

थाना प्रभारी विकास मुंडा ने बताया कि शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण पहचान फिलहाल संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम और डीएनए रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने का दावा कर रही है।——

Leave a Reply