News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

रामगढ़ में एक-47 से लैस हुई पुलिस, अपराधियों की नहीं गलेगी दाल

रामगढ़, 18 मार्च । जिले की पुलिस अब अत्याधुनिक और ऑटोमेटिक हथियार के साथ पेट्रोलिंग करेगी। अब अपराधी अपने मंसूबे को अंजाम नहीं दे पाएंगे। रामगढ़ जिले का हर थाना और ओपी का पुलिसकर्मी एक-47 से लैश हो गया है। किसी भी क्षेत्र में अगर अपराधी गोली चलाकर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश करेंगे, तो उन्हें भी पुलिस की गोली नहीं बख्शेगी।

एसपी अजय कुमार ने बताया कि रामगढ़ पुलिस अपराधियों पर नकेल कसने के लिए तैयार है। जितने भी अपराधी जिले में किसी वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहे थे, उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। कुछ अपराधी जिले से तड़ीपार कर दिए गए हैं। कुछ ऐसे अपराधी भी हैं जो अपने को सरगना बताते हैं। लेकिन उन लोगों ने भी रामगढ़ की धरती को छोड़कर किसी दूसरे स्थान पर शरण ले लिया है। इन सब के बावजूद संगठित अपराध से जुड़े लोगों पर लगातार कार्रवाई हो रही है। सभी पुलिस पदाधिकारियों को हाईटेक हथियार से लैस किया गया है, ताकि अंधेरे में गोली चलाकर भागने वाले अपराधियों पर भी शिकंजा कसा जा सके।

जिले में संगठित अपराध की जड़ें पतरातू से जुड़ी हुई हैं। श्रीवास्तव गैंग, पांडे गिरोह, अमन साहू जैसे गिरोह के सदस्य पतरातू क्षेत्र में अधिक सक्रिय रहते हैं। इसलिए पतरातू क्षेत्र में पुलिस की गतिविधियां भी काफी अधिक रहेंगी। पतरातू, भुरकुंडा, भदानीनगर और बरकाकाना इलाके में पुलिस संगठित अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसके अलावा कोलियरी क्षेत्र में भी अपराधी व्यापारियों को धमकी देते हैं। उन इलाकों में भी पुलिस अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है।

Leave a Reply