पुराने विवाद में बमबाजी, जांच में जुटी पुलिस
धनबाद, 05 मार्च । शहर के बरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेहराकुदर गांव में पुराने विवाद को लेकर बमबाजी की गई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को बेहराकुदर निवासी पंचानंद सिंह अपने घर के सामने बैठे थे, इसी दौरान शुभम सिंह नामक युवक करीब छह लड़कों के साथ वहां पहुंचा और पंचानंद से छिनतई करने का प्रयास करने लगा, लेकिन हो हल्ला करने पर सभी युवक भगाने के क्रम में बमबाजी कर वहां से फरार हो गए। बमबाजी से गांव वालों में दहशत फैल गई। वहीं, सूचना पाकर बरोरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मौके से बम के अवशेष और एक बाइक जब्त कर थाना ले आई।
पीड़ित पंचानंद सिंह ने कहा कि होली को लेकर परम्परा अनुसार घर के सामने बैठे बच्चों को कुछ पैसे दे रहा था। इसी क्रम में शुभम सिंह कई लोगों के साथ हथियार लेकर पहुंच गया और उनसे 15 हजार रुपये छीन लिया। हो हल्ला करने पर पंचानंद के बेटे मौके पर पहुंच गए, इसके बाद वे सभी बमबाजी करते हुए वहां से फरार हो गए।
वहीं इस मामले में छह नामजद सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।